ग्राम समाचार,बौंसी,बांका। मंदार की तराई अवस्थित पापहरणी सरोवर में स्नान करने के क्रम में तीन युवक के डूब जाने का मामला सामने आया है। हालांकि घटना में दो युवक की मृत्यु हो गई है और एक युवक बच गया। घटना शनिवार की है। मिली जानकारी के अनुसार बौंसी थाना क्षेत्र के कुशवाहा गांव निवासी शंभू शाह का 18 वर्षीय पुत्र सागर कुमार, पंजवारा थाना क्षेत्र के बैदाचक गांव निवासी योगेंद्र मंडल का 22 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार एवं बाराहाट थाना क्षेत्र के पनिया गांव निवासी विकास कुमार उक्त तीनों युवक पापहरणी सरोवर में स्नान करने गए थे। बताया जाता है कि तीनों युवक पापहरनी सरोवर में स्नान के क्रम में गहरे पानी में चले जाने से डूबकर दो युवक आशीष कुमार एवं सागर कुमार
की मृत्यु हो गई। जबकि विकास कुमार बच गया। घटना की सूचना मिलने पर बौंसी पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों युवक के शव को कड़ी मशक्कत के साथ बाहर निकाला। जबकि एक अन्य युवक विकास कुमार को उपचार के लिए बौंसी रेफरल अस्पताल भेज दिया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जाता है कि, विकास कुमार गोड्डा जिला अंतर्गत मोतिया गांव स्थित अदानी पावर प्लांट में गार्ड की नौकरी करता है। हालांकि पुलिस ने दोनों युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। वहीं दोनों युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
कुमार चंदन,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें