Palwal News : किसान गन्ना उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत अभियान के साथ जुडक़र अच्छी आमदनी प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं : डॉ बनवारी लाल



ग्राम समाचार न्यूज : पलवल : सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि हरियाणा में गन्ना के रेट पूरे देश में सबसे ज्यादा 340 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया हुआ है। किसान गन्ना उत्पादन के माध्यम से प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान के साथ जुडक़र अच्छी आमदनी प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। बनवारी लाल सोमवार को दी पलवल सहकारी चीनी मिल्ज लिमिटेड के पिराई सत्र का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित किसानों व मिल कर्मचारियों, अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने हवन यज्ञ में आहुति डाल मिल के सुचारू रूप से संचालन, किसानों के गन्ने की समय पर पिराई व उनके उचित लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि इस बार चीनी मिल का पिराई सत्र करीब एक महीना पहले शुरू किया गया है, जिससे किसानों के गन्ने की समय पर पिराई संभव हो पाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए मिल में अटल किसान कैंटीन शुरू की जाएगी, जिसमें किसानों को मात्र दस रुपए में प्रति डाइट अच्छा भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। पूरे पिराई सत्र में किसानो व कर्मचारियों को कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। किसानों को उनकी फसल के बकाया का भुगतान कर दिया गया है। पिराई सत्र के दौरान किसानों के गन्ने का भुगतान समय पर बिना किसी दिक्कत के कर दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से आह्वïान किया कि वे मिल को सुचारू व व्यवस्थित रूप से चलाने में भी अपना पूर्ण सहयोग दें। 



उन्होंने बताया कि इस पिराई सत्र में 32 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई का लक्ष्य रखा गया है तथा 10.5 प्रतिशत रिकवरी के साथ 3.36 लाख क्विंटल चीनी उत्पादन का अनुमान है। मिल ने पिछले पिराई सत्र में 23.31 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई कर 9.95 प्रतिशत रिकवरी के साथ 2.33 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया गया था। उन्होंने बताया कि इस मिल का एरिया 32 किलोमीटर की परिधि में है, जिससे 400 गांवों के किसान लाभान्वित हो रहे हैं। वर्तमान में मिल के 41 हजार 617 शेयरधारक है और 3 हजार किसानों के माध्यम से मिल गेट व 20 क्रय केंद्रों द्वारा गन्ना उपलब्ध करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार मिल की क्षमता बढाकर 2200 टीसीडी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि गन्ना उत्पादकों को उन्नत किस्म के गन्ना बीज के ब्याज रहित ऋण उपलब्ध करवाया जाता है एवं दवाइयों में 10 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आधुनिक तकनीक से गन्ने की अगेती किस्म का अधिक से अधिक उत्पादन करें। उन्होंने मिल प्रबंधन के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मेहनत, लगन से इस मिल ने राष्टï्रीय व राज्य स्तर पर अवार्ड जीते हैं और मिल ने काफी अच्छे परिणाम हासिल किए हैं।

सहकारिता मंत्री ने गांव बामनी-खेड़ा के किसान श्रीचंद की बैलगाड़ी, गांव गहलब के किसान शिवराम के ट्रेक्टर-ट्राली तथा गांव औरंगाबाद के अशोक के ट्रेक्टर-ट्रोला का मिल में क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर गन्ना लाने पर तिलक लगाकर स्वागत किया व सम्मान स्वरूप एक शॉल व मिठाई का डिब्बा भेंट किया।

पलवल से विधायक दीपक मंगला ने कहा कि शुगर मिल की पिराई क्षमता को बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी के अथक प्रयास से समय पर मिल शुरू हो गई है। वैश्विक महामारी कोविड़-19 के चलते किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मिल परिसर में पर्याप्त सेनेटाइजर व फेस मास्क की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों की किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए, इसके लिए सरकार समय-समय पर किसानों के हित की योजनाएं शुरू कर उन्हें लाभ देना सुनिश्चित करती है। 

हथीन से विधायक प्रवीण डागर ने मिल के प्रबंध निदेशक व सभी कर्मचारियों की ओर से किसानों को कोई परेशानी न हो इसके लिए मिल द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे गन्ने को साफ करके मिल में लाएं तथा मिल को सुव्यवस्थित रूप से चलाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि वह किसान के बेटे हैं और किसान की मेहनत से भली भांति परिचित है। प्रदेश सरकार द्वारा गन्ना किसानों को गन्ने के बहुत रेट देश में सबसे ज्यादा दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे किसानों की सुविधा के लिए सदैव तत्पर हैं। 

शुगर मिल के प्रबंध निदेशक डा. नरेश कुमार ने मुख्य अतिथि सहित अन्य सभी अतिथियों का धन्यवाद किया तथा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें