ग्राम समाचार, रेवाड़ी (हरियाणा) । रविवार को बुड़ोली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते राजेश कुमार 'जिला शिक्षा अधिकारी रेवाड़ी' के मार्गनिर्देशन में विभाग द्वारा संचालित ई-लर्निंग प्रोग्राम की समीक्षा, कोरोना वायरस व सो प्रतिशत नामांकन के लिए जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
प्राचार्य राजकुमार 'जलवा' की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विशेष रूप से पूर्व विद्यालय प्रबंधन समिति प्रधान राजेंद्र कुमार, संजय कुमार व करतार सिंह तथा ग्राम पंचायत एवं विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्यों सहित प्रत्येक कक्षा से दो जागरूक अभिभावक और वरिष्ठ प्राध्यापक पुरुषोत्तम कुमार व बंसीलाल भी उपस्थित रहे।
प्राचार्य 'जलवा' ने अपने संबोधन में उपस्थित जनों को कोरोना महामारी से भयभीत होने की बजाय स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हिदायतों की पालना करते हुए योगासन, प्राणायाम एवं सात्विक भोजन के माध्यम से अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा कोरोना को मात देने के लिए प्रेरित कर ई-लर्निंग शिक्षा योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए सहयोग की अपील की।
पूर्व प्रधान ने बताया कि नेटवर्क सिग्नल कमजोर होने की वजह से ज्यादातर विद्यार्थि अपने घरों की छतों पर चढ़कर गृह कार्य करने पर मजबूर हैं। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए उचित कार्यवाही की मांग की।
विद्यार्थियों के घर-घर जाकर गृह कार्य की जांच करने एवं नामांकन बढ़ाने वाले अध्यापकों शशि कुमार, अनिल कुमार एवं बिंदु रानी तथा लोकडाउन के दौरान विद्यालय कैंपस, छतों की साफ-सफाई, पौधारोपण एवं घास लगाकर मनोहारी लाॅन विकसित करने के लिए प्राध्यापक बंन्शी लाल, राजेंद्र कुमार, संजय कुमार एवं हुक्मचन्द की सराहना कर सभी ने प्रशंशा की।
अंत में प्राचार्य ने आपसी सहयोग से प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हिदायतों का पालन करते हुए 100% नामांकन एवं ऑनलाइन शिक्षा को और प्रभावी बनाने का आश्वासन देते हुए सभी का आभार व्यक्त करते हुए संगोष्ठी का समापन किया।
- ग्राम समाचार, ब्यूरो रिपोर्ट।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें