रेवाड़ी में पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि रेवाड़ी में दो युवकों ने एक युवती का अपहरण किया, उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन कार में डालकर ले गए। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए रेवाड़ी पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
डीएसपी बावल श्री सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने युवती का पता लगा लिया। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और रेवाड़ी में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही है। घटना वाले दिन युवती, उसका मंगेतर और उनका एक दोस्त कही जा रहे थे। रास्ते में जाटूसाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत उनकी कार में कुछ तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद मानसिक परेशानी के चलते युवती की उसके मंगेतर व उसके दोस्त के साथ कहासुनी हो गई थी। युवती की मां और स्वयं युवती ने स्वीकार किया है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान है। इसी तनाव के चलते उसने आवेश में आकर ऐसी हरकत की। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया और लीगल एड के सामने उसके बयान दर्ज किए गए। युवती ने स्पष्ट किया है कि उसके साथ कोई गलत हरकत या अपहरण नहीं हुआ था।
डीएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपहरण और मारपीट के आरोप निराधार हैं। उन युवकों ने युवती की स्थिति को संभालते हुए उसे सुरक्षित घर पहुँचाया था। सोशल मीडिया पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं, हमारी जांच में उनमें कोई सच्चाई नहीं पाई गई है। यह एक पारिवारिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा मामला था जिसे गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने जनता से अपील की है कि बिना पुष्टि किए किसी भी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर न करें, जिससे समाज में भ्रम की स्थिति पैदा हो।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें