विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेवाड़ी जिला में प्लास्टिक मुक्त सोच को अपनाते हुए हरियाली का संदेश फैलाने के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में हुआ। रेवाड़ी जिला को हरा-भरा बनाने केलिए पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनने का संकल्प लेते हुए हर वर्ग ने एक पेड़ मां के नाम अभियान 2.0 में आहुति डाली। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि इस पुनीत अभियान में बावल से विधायक डॉ.कृष्ण कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर सार्वजनिक स्थलों पर पौधा रोपित करते हुए उसके संरक्षण का दायित्व निभाते हुए सारथी बनने की सकारात्मक पहल की।
बावल से विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए बावल में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण का जिक्र करते हुए कहा कि वे अपनी मां के साथ मिलकर या उनके नाम पर एक पेड़ जरूर लगाया जाए और पौधरोपण करने वाले की ओर से अपनी मां को अनमोल तोहफा होगा। विधायक ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान-2.0 के तहत पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधों की कमी से निरंतर पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण जरूरी है। पर्यावरण हरा-भरा रहेगा, तभी जीवन भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपनी मां के नाम एक पेड़ अवश्य लगाए, जिससे व्यक्तिगत भावनाएं और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का अद्भुत मेल स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि सभी प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्य को समझें और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा, प्रकृति मां के समान है, और मां के नाम एक पेड़ लगाकर हम धरती मां की सेवा भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर प्रकृति के संरक्षण एवं संतुलन को बनाये रखने का संकल्प लें। आने वाली पीढिय़ों के लिए एक हरित, स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेवारी है। इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम बावल उदय सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ संस्कारों का समावेश करने के उद्देश्य से एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि इसके तहत जिला में अधिक से अधिक पौधों का रोपण किया जा रहा है। प्रदेश सरकार एक पेड़ मां के नाम अभियान के प्रति सक्रिय है और यह अभियान लगातार चलता रहेगा। डीसी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपना कर्तव्य समझना होगा। वर्तमान समय में पर्यावरण का ध्यान रखना और संरक्षण करना हर व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य और जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमें पर्यावरण को हानि पहुंचाने वाली चीजों का उपयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने जिलावासियों को पर्यावरण संरक्षण में प्रहरी की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर रेवाड़ी शहरी क्षेत्र में नगरपरिषद चेयरपर्सन पूनम यादव व डीएमसी राहुल मोदी ने शहरी क्षेत्र में पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सभी को सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब से दुनिया शुरू हुई है, तभी से इंसान और कुदरत के बीच गहरा रिश्ता रहा है। पेड़ों से एक ओर जहां पेट भरने के लिए फल-सब्जियां और अनाज, तन ढकने के लिए कपड़ा मिलता है वहीं दूसरी ओर हमें पेड़ों से जीवनदायिनी ऑक्सीजन भी मिलती है, जिसके बिना कोई एक पल भी जिन्दा नहीं रह सकता। पेड़ मनुष्य की जरूरत हैं, उसके जीवन का आधार है। आज लगाए गए पौधे से हमारा आने वाला कल बेहतर बनेगा। हर व्यक्ति को पौधरोपण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि सभी अपनी मां के नाम से एक पेड़ अवश्य लगाएं और उनका संरक्षण करते हुए पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियत्रंण बोर्ड रेवाड़ी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) रेवाड़ी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोडऱ् के सहायक पर्यावरण अभियंता दीपक वर्मा, सुधीर बल्हारा व प्राचार्या सरोज देवी ने उपस्थित बच्चों को पर्यावरण बचानें का सकंल्प दिलाया। बच्चों को सहायक पर्यावरण अभियंता द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया तथा शपथ भी दिलाई गई।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें