ग्राम समाचार,बौंसी,बांका। बौंसी थाना क्षेत्र के महाराणा हाट के रेलवे क्रॉसिंग के समीप गुरुवार की शाम सड़क दुर्घटना में एक 38 वर्षीय महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जानकारी के अनुसार गोड्डा झारखंड के मखनी गांव निवासी लालबहादुर ओझा अपनी 38 वर्षीय पत्नी अनीता देवी एवं अपने पुत्र के साथ बाइक से अपने घर मखनी से महाराणा हाट मंदार पर्वत के रास्ते जा रहे थे। इसी बीच महाराणा हाट रेलवे क्रॉसिंग के पास पीछे से आ रही एक ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक अनियंत्रित होने के कारण महिला ने अपना संतुलन खो दिया और वह बाइक से नीचे गिर गई यह देखकर ऑटो चालक ने महिला के ऊपर ऑटो चढ़ाते हुए मौके से भागने का प्रयास
किया। परंतु स्थानीय लोगों ने ऑटो को पकड़ लिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से जख्मी महिला को रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ उत्तम कुमार ने जख्मी महिला का प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल में अनीता देवी ने बताया कि, वह अपने पति और पुत्र के साथ महाराणा हाट गाय खरीदने के लिए जा रही थी। उसी क्रम में यह घटना हुई। महिला ने यह भी बताया कि, बाइक से गिरने के बाद ऑटो चालक ने ऑटो को उनकी पीठ पर चढ़ा दिया और भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे धर दबोचा। चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए महिला को मायागंज भागलपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि इस घटना की सूचना थाना को नहीं दी गई है।
कुमार चंदन,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें