भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित नगर परिषद वाइस चेयरमैन निखिल मांढैया ने दिल्ली स्थित आवास पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान निखिल मांढैया के पिता सजन पहलवान सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान नगर परिषद चेयरपर्सन विनिता पिप्पल भी उपस्थित रहीं।
राव इंद्रजीत सिंह ने निखिल मांढैया को नई जिम्मेदारी के लिए मार्गदर्शन देते हुए नगर परिषद की खामियों को दूर करने और शहर के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेवाड़ी नगर परिषद में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर परिषद के कार्यों की निगरानी और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए उन्होंने बैठकों में स्वयं मौजूद रहने की बात भी कही। राव इंद्रजीत सिंह ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करना चाहिए।
इस अवसर पर निखिल मांढैया ने राव इंद्रजीत सिंह का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि उनके आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में नगर परिषद में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास, नगर परिषद की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। नगर परिषद के सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से रेवाड़ी के विकास को नई गति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें