ग्राम समाचार, भागलपुर। एनटीपीसी कहलगाँव द्वारा मंगलवार को डीएवी पब्लिक स्कूल में विजिलेंस जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता सत्रों का गरिमामयी आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में नैतिक मूल्यों और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्युत मंत्रालय के उप सचिव कुंदन भारती सिन्हा तथा एनटीपीसी कहलगाँव के परियोजना प्रमुख रविन्द्र शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्री सिन्हा ने विद्यार्थियों को जीवन में ईमानदारी, सत्यनिष्ठा एवं नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक भ्रष्टाचार मुक्त और सशक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और ईमानदारी व सत्यनिष्ठा के विषयों पर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और विचारों को रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त किया। एनटीपीसी कहलगाँव की यह अनूठी पहल युवा पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाने और समाज में नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अत्यंत सार्थक और सराहनीय कदम साबित हुई है।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें