सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने वीरवार को वन, पर्यावरण एवं उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह के साथ रेवाड़ी के एनएच-11 तथा एनएच-8 के सर्कल पॉइंट पर दो हेक्टेयर की भूमि पर मियावाकी पद्धति से विकसित होने वाले नमो वन का शुभारंभ किया। यहां 72 प्रजातियों के 20 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर उनकी दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक सेवा काल के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की आज से शुरुआत की गई है। प्रधानमंत्री ने जिस प्रकार से राष्ट्र प्रथम और देशहित को सर्वोपरि मानते हुए भारत की प्रगति और जन-जन की भलाई के लिए काम किया है, उसी प्रकार समाज और देश की भलाई के लिए सेवा के विभिन्न प्रकल्प एक माह तक आयोजित किए जाएंगे।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने एक महीने में 50 हजार से एक लाख तक कैटरेक्ट के ऑपरेशन करवाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के लिए पार्टी ने भाजपा हरियाणा नमो सेवा पोर्टल शुरू किया है। उन्होंने कहा कि वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने पिछले दिनों मानेसर में नमो वन की स्थापना करवाई थी। आज रेवाड़ी में नमो वन की स्थापना हुई है। वन मंत्री ने हर जिले में नमो वन स्थापित करने का लक्ष्य रखा है, जो कि वन क्षेत्र की कमी को पूरा करने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि बढ़ते औद्योगीकरण के परिवेश में वनीकरण भी अत्यंत आवश्यक है।
उद्योग एवं वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 25 साल से की जा रही राष्ट्र सेवा को ध्यान में रखते हुए आज रेवाड़ी में नमो वन की स्थापना की गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में भारत ने उन्नति के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर देश की सेवा करने का संकल्प लें। वन मंत्री ने कहा कि नमो वन में 5 साल तक इन पौधों की देखभाल की जाएगी।
इस अवसर पर रेवाड़ी के विधायक व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह यादव, पूर्व मंत्री डा. बनवारी लाल, भाजपा जिला प्रभारी प्रो. मदनलाल गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. वंदना पोपली, पीपीपी स्टेट कोऑर्डिनेटर डा. सतीश खोला, जिला महामंत्री कुलदीप चौहान, प्रीतम चौहान, रामपाल यादव, सह मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी, रत्नेश बंसल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम दलबीर सिंह, वन मंडल अधिकारी दीपक नंदा कार्यक्रम में मौजूद रहे।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें