राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच की ओर से जनहित में जारी मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत होनहार बच्चों के सर्वांगीण विकास में बाधाएं बन रहीं जनसमस्याओं के समाधान की आवाज सरकार तक पहुंचाने के जोरदार प्रयास किये जाएंगे । मंच के पदाधिकारी बच्चों तथा उनके शिक्षकों,अभिभावकों के साथ उनकी ज्वलंत समस्याओं एवं समुचित समाधान को लेकर संवाद बैठकें करने में जुटे हैं ।
इस सिलसिले में कोर कमेटी के सदस्य महेश कौशिक, बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, दयाराम आर्य, नंदलाल यादव, जगमोहन यदुवंशी आदि सहित राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने शहर के ऐतिहासिक राव गोपाल देव चौक के समीप बच्चों और उनके शिक्षकों से बैठक में संवाद किया। बच्चों से उनकी ज्वलंत समस्याएं जानकर तथा शिक्षकों से उनके समाधान के सुझावों पर संवाद के उपरांत राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान ने कहा कि जनहित में तुरंत वांछित कदम उठाए जाने को लेकर सीएम-पीएम को पत्र लिखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को सरकार की ओर से नि:शुल्क आधार पर जनहित में गारंटिड पूर्ण मेडिकल सुविधा,पढ़ने- कोचिंग-ट्यूशन पर जाने-आने के लिए विशेषीकृत निःशुल्क यातायात सुविधा,किसी भी प्रकार की परीक्षा के लिए आवेदन फीस से मुक्ति,बस-ट्रेन-एरोप्लेन में निःशुल्क यात्रा,कार्यवश बाहर जाने-आने पर टोल टैक्स से मुक्ति तथा चाइल्ड हेल्पलाइन को सभी सुविधाओं से लैस करके प्रयोग में लेने लायक बनाने की तत्काल आवश्यकता है। इस अवसर पर शिक्षकों एवं अभिभावकों की ओर से शिक्षाविद एवं एजुकेशनल मोटीवेटर अंकुर जी ने जनहित कार्यों के लिए अशोक प्रधान लोक सेवा मंच,कोर कमेटी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया ।
अशोक प्रधान ने कहा कि यदि आर्थिक तौर पर गरीब-सामान्य परिवार का कोई प्रतिभाशाली बच्चा देश -विदेश के किसी बड़े संस्थान की प्रवेश परीक्षा को क्वालीफाई करके शिक्षा या उपयोगी प्रशिक्षण पाना चाहता है,तो उसके सभी खर्चों का इंतजाम सरकार की ओर से करने का सुविधायुक्त प्रावधान तुरंत किया जाना चाहिए । इससे सभी बच्चों को तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिलेगी और वे आर्थिक वजह से आगे बढ़ने के अवसरों से वंचित नहीं रहेंगे । उन्होंने कहा कि बच्चे किसी भी राष्ट्र समाज की असली निधि और भविष्य के कर्णधार होते हैं । इसलिए व्यापक जनहित में बच्चों को अच्छी शिक्षा और जरूरी प्रशिक्षण दिलाने के सभी प्रबंध आसानी से उपलब्ध होने सुनिश्चित किये जाने चाहिएं । इससे राष्ट्र-समाज को मजबूत बनाने के लिए सक्षम नागरिक तैयार करने में मदद मिलेगी ।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें