ग्राम समाचार,बौंसी,बांका। मंदार की तराई में अवस्थित ऐतिहासिक पापहरणी सरोवर के छठ घाट का शुक्रवार को लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज कुशवाहा ने अपने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ जायजा लिया। इस दौरान पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। मुख्य रूप से पापहरणी सरोवर के गाद की सफाई पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि, इसकी साफ सफाई के लिए कार्य योजना की तैयारी कर ली गई है। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित भी किया गया है। इस मौके पर विभाग के एसडीओ रंजीत रोशन भी मौजूद थे। मंत्री ने बताया कि, यहां पर लंबे समय से गाद की सफाई नहीं की गई है। गाद की सफाई के साथ-साथ इसके निकासी पर भी विशेष ध्यान देकर आउटलेट को बेहतर कराया जाएगा। ताकि सरोवर का दूषित पानी आउटलेट के माध्यम से बाहर निकल सके। मालूम हो कि, यह सरोवर धार्मिक दृष्टिकोण से पवित्र स्थल है। मंत्री ने सरोवर के विभिन्न घाटों का पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ घूम घूम कर जायजा लिया। मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी विजय कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी
अमित कुमार और नगर पंचायत के अभियंता रवि शंकर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। छठ घाट पर व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसका विशेष ख्याल रखने का दिशा निर्देश दिया गया। सरोवर स्थित चेंजिंग रूम को खुलवाने की बात कही। बौंसी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय को सुरक्षा व्यवस्था दृष्टि रखने को लेकर दिशा निर्देश दिए गए। यहां के बाद मंत्री ने मधुसूदन मंदिर समीप आगरा नदी छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों को साफ सफाई एवं रोशनी सहित अन्य व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। बताया गया कि प्रखंड क्षेत्र के सभी छठ घाटों की समुचित साफ सफाई व्यवस्था एवं पर्व के पहले सभी जरूरी व्यवस्था की तैयारी करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया है। मौके पर भारी संख्या में जदयू के कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन के द्वारा पटना से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। टीम के एसआई बलराम प्रसाद के नेतृत्व में 10 कांस्टेबल, दो मोटर बोट के साथ यहां पर शुक्रवार से ही तैनात कर दिए गए हैं। कॉन्स्टेबल ने बताया कि उनकी टीम गुरुवार की देर रात यहां पहुंच गई थी और शुक्रवार की सुबह से ही उन्होंने सरोवर में वोट डालकर गश्त लगाने आरंभ कर दिए हैं। बताया गया कि अगले 3 दिन तक एसडीआरएफ मोटर बोट के जरिए सरोवर में गश्त लगाती रहेगी। बैरिकेडिंग के इस पार आने वाले उपद्रवियों को चिन्हित कर उस पर कार्रवाई करने का भी काम किया जाएगा। भीड़ को देखते हुए यहां पर पुलिस की तैनाती की जा रही है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि, सिविल ड्रेस में महिला और पुरुष पदाधिकारियों के अलावा कॉन्स्टेबल की भी तैनाती की जा रही है। जबकि दंडाधिकारियों को भी तैनात किया जा रहा है।
कुमार चंदन,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें