Bhagalpur News:सिंचाई कर्मी संजय कुमार की पुलिस हिरासत में हुई मौत के खिलाफ विपक्षी दलों का धरना
ग्राम समाचार, भागलपुर। मायागंज में बर्बर पुलिस दमन व सिंचाई कर्मी संजय कुमार की पुलिस हिरासत में हुई हत्या के खिलाफ शनिवार को विपक्षी दलों भाकपा-माले, माकपा, भाकपा, राजद व कांग्रेस के संयुक्त बैनर तले जिला पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता भाकपा-माले के राज्य कमिटी सदस्य एस के शर्मा, माकपा के जिला सचिव दशरथ प्रसाद, राजद के जिला अध्यक्ष चन्द्रशेखर प्रसाद, कांगेस के जिला अध्यक्ष परवेज जमाल व भाकपा नेता छोटेलाल यादव ने संयुक्त रुप से किया। धरना सभा का संचालन मुकेश मुक्त ने किया। धरना सभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों के नेताओं ने पुलिस कस्टडी में सिंचाई कर्मी संजय कुमार की बर्बर हत्या को बिहार में पुलिस राज की धमक बताया। वक्ताओं ने कहा कि बीते 29 मार्च को मायागंज में पुलिस ने जो वहशियाना कार्रवाई की है उसकी जितनी भी आलोचना की जाय कम है। पुलिस प्रशासन से लेकर पोस्टमार्टम तक, हत्यारे सिटी एएसपी व बरारी थाना प्रभारी को बचाने की कोशिश करता दिख रहा है। मृतक संजय कुमार की पत्नी के आवेदन के आधार पर अब तक एफआईआर दर्ज क्यों नहीं किया गया ? प्रशासन को इसका जवाब देना होगा। विपक्षी दलों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि मृतक के परिवार को न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी। 29 मार्च को मायागंज में जो पुलिस वहाशिपना देखने को मिला है, भाजपा-जदयू की सरकार बिहार पर इसी किस्म का पुलिस राज थोपने के लिए उतावली है। धरना से एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी से मिलकर उन्हें मांगों से सम्बंधित ज्ञापन सौंपा। जिसमें मांग किया गया कि संजय कुमार के हत्या मामले में सिटी एएसपी पूरन झा और बरारी थाना प्रभारी प्रमोद साह को बर्खास्त कर उन्हें अविलम्ब गिरफ्तार किया जाय। दोनों पर 302 का मुकदमा चलाते हुए कड़ी सजा दी जाय। मृतक के परिजन को 50 लाख रुपया मुआवजा और आश्रित को सरकारी नौकरी दी जाय। पुलिसिया वहाशिपना को रोकने के लिए ठोस कदम उठाया जाय और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस अधिनियम 2021 वापस लिया जाय। धरना सभा को भाकपा-माले के जिला सचिव बिंदेश्वरी मंडल, महेश यादव, रेणु देवी, माकपा के मनोहर मंडल, अरुण मंडल, विनय चौवे, भाकपा के जिला सचिव सुधीर शर्मा, मनोहर शर्मा, संजीत सुमन, राजद के पूर्व सांसद बुलो मंडल उर्फ शैलेश कुमार, चक्रपाणी हिमांशु, रामशरण यादव, मो. शाहबुद्दीन, बासुकीनाथ ठाकुर, कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष विपिन बिहारी यादव, हरेराम ठाकुर सहित मृतक संजय कुमार की बेटी मोनिका भारती व कर्मचारी नेता श्यामनंदन सिंह ने सम्बोधित किया। धरना में मृतक संजय कुमार की पत्नी गायत्री देवी, बेटी अंकिता रानी सहित अर्जुन यादव, सुरेश साह, अमर कुमार, अमित गुप्ता, मो. हुमायूं, मो. मरगुब, एन के देव, रघुनंदन पासवान, अजय कुमार झा, गोपाल राय, मंजीत कालिया, नूरहसन, मो. रिजवान, अभिमन्यु मंडल आदि सैकड़ों महिला-पुरुष धरना में शामिल-प्रदर्शन में शामिल रहे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें